रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज दोपहर बाद दुमका से एक हजार पांच सौ कामगारों को विशेष ट्रेन से लद्दाख के लिए रवाना करेंगे. इन सभी श्रमिकों को सीमा सड़क संगठन की परियोजनाओं में काम मिलेगा.
लेह-लद्दाख जाने वाले श्रमिकों को दुमका से उधमपुर तक ले जाने वाली विशेष ट्रेन कल ही रवाना होने वाली थी, लेकिन मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अचानक स्थगित हो जाने के बाद जिला प्रशासन की ओर से लेह-लद्दाख जाने वाले सभी निबंधित श्रमिकों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गयी. अब इन श्रमिकों को आज विशेष ट्रेन से रवाना किया जाएगा.
बताया गया है कि पहले सात विशेष ट्रेनों के माध्यम से संताल परगना प्रमंडल के श्रमिकों को सीमावर्ती इलाके में सड़क निर्माण के लिए ले जाने की योजना थी. अब पांच ट्रेनें दुमका और एक ट्रेन देवघर से खुलेगी.

