ब्यूरो चीफ
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास की जन आर्शीवाद यात्रा वृहस्पतिवार से शुरू हो गई. कोल्हान प्रमंडल के 14 विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा दो अक्तूबर तक चलेगी. संथाल परगना में जन आर्शीवाद यात्रा 19 से 26 सितंबर तक चलायी गई. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रमंडल के सभी छह जिलों में यात्राएं की और जनसभा को संबोधित किया.
मुख्यमंत्री पाकुड़, दुमका, साहेबगंज, देवघर, जामताड़ा जिलों में लोगों से मिले और केंद्र तथा राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं से उन्हें अवगत कराया. इतना ही नहीं प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन पर उन्होंने कई हमले भी किये. संथाल यात्रा में मुख्यमंत्री ने सभी 18 विधानसभा सीटों की स्थिति का जायजा भी लिया.
कोल्हान में लगायेंगे जोर
जन आर्शीवाद यात्रा के अंतर्गत मुख्यमंत्री अब कोल्हान में सारी ताकत झोंकेंगे. मुख्यमंत्री कोल्हान प्रमंडल के सरायकेला-खरसावां, चाईबासा, पूर्वी सिंहभूम जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों से मिलेंगे और जन सभा को संबोधित करेंगे. आर्शीवाद यात्रा में भाजपा आइटी सेल, मुख्यमंत्री के ट्वीटर हैंडल करनेवाली टीम समेत कई मीडियाकर्मी भी गये हैं, जो पल-पल की गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध करायेंगे.
मुख्यमंत्री का जन आर्शीवाद यात्रा अब तक सफल माना जा रहा है. इस यात्रा से भी झामुमो के कब्जेवाली सीटों पर मुख्यमंत्री कड़ा प्रहार करेंगे.

