रांची : विश्व पर्यावरण दिवस पर आज एलए गार्डेन हाई स्कूल, लोअर चुटिया में ऑनलाइन क्लासेज के जरिये बच्चों के बीच पर्यावरण को लेकर जागरूकता फैलाई गयी. सभी बच्चों को पर्यावरण का महत्व और उसकी उपयोगिता के बारे में बताया गया. इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं में बच्चों को धरती को पर्यावरण के अनुकूल कैसे रखा जाये इससे सम्बंधित पेंटिंग , पोस्टर मेकिंग , निबंध लेखनी , स्लोगन्स, वीडियो मैसेज के जरिये घर के लोगो को जागरूक करना आदि ऑनलाइन टास्क दिए गए थे, जिसे सभी बच्चों को कक्षावार बनाये गये व्हाट्सऐप ग्रुप में भेजना था. इसमें सभी बच्चों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया.
कक्षा दसवीं की चार्वी सिंह ने अपने निबंध में लिखा कि कैसे मनुष्य ने प्रकृति के साथ खिलवाड़ करते हुए हमेशा उसका दोहन ही किया है, इसके बचाव और रोकथाम क्या हो सकते है. वहीं, कक्षा नौ की छात्रा स्नेहा सिंह ने अपने पोस्टर के जरिये यह सन्देश दिया कि कैसे इस कोरोना जैसे व्यापक महामारी में प्रकृति ने सांस लेना शुरू कर दिया. प्रदूषण अब तक के अपने निचले स्तर पर किस तरह आ गया है यह दिखाने की कोशिश कक्षा आठवीं के अनूप और साहिल द्वारा किया गया.
इस अवसर पर कक्षा यूकेजी से दसवीं तक के बच्चों ने भाग लिया और ऑनलाइन माध्यम से प्रकृति को बचाने और दूषित ना करने का संकल्प भी किया. स्कूल के प्राचार्य टीके गुप्ता ने सभी बच्चों की मेहनत को सराहा और सबसे आग्रह किया कि वे कम से कम 5 पेड़ अपने जीवन काल में लगाए और उसकी देखभाल करना भी सुनिचित करें.

