रांची: झारखंड लौटे प्रवासी मजदूरों ने रांची आकर सरकार का धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान वह परेशानी का सामना कर रहे थे. ऐसे में झारखंड सरकार की पहल से वह अपने घर लौट आए हैं. अपने घर लौटने पर केवल मजदूर ही नहीं बल्कि हवाई जहाज से बच्चेे भी लौटे, विमान से घर लौटकर बच्चे भी काफी खुश दिख रहे थे, बिरसा एयरपोर्ट पहुंचते ही इन बच्चों ने कहा थैंक्यू हेमंत अंकल….
उधर, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची पर पहुंचने के बाद मुंबई से झारखंड लौटे मजदूरों को सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन के साथ बसों में बैठाया जा रहा था. इस कार्य में जिला प्रशासन के अधिकारी के साथ साथ एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी और कर्मचारी भी लगे हुए थे. जिला प्रशासन की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी, बुंडू, जिला नजारत उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी नामकुम, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे.

गुरुवार को मुंबई में फंसे झारखंड के करीब 180 प्रवासी मज़दूर अपने राज्य लौट आए हैं. आज सुबह एयर एशिया की फ्लाइट से झारखंड लाया गया. लॉकडाउन के बाद यह देश में पहला मौका है, जब प्रवासी मजदूरों को विमान से अपने राज्य वापस लाया गया है.
मजदूरों की मेडिकल स्क्रीनिंग हुई, दिया गया नाश्ता
मुंबई से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे मजदूरों, प्रवासियों की एयरपोर्ट पर मेडिकल स्क्रीनिंग की गई. साथ ही उन्हें नाश्ता और पानी का बोतल दिया गया.

सम्मान रथ से मजदूरों को भेजा गया
एयर एशिया की फ्लाइट से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे मजदूरों को सम्मान रथ से रवाना किया गया. मजदूरों को उनके संबंधित जिला भेजने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से बसों की व्यवस्था की गई थी, जिस पर बैठाकर मजदूरों को रवाना किया गया.
इन जिलों से झारखंड पहुंचे मजदूर
मुंबई से रांची पहुंचे मजदूर झारखंड के अलग-अलग जिलों से थे. इनमें बोकारो के 05, धनबाद के 09, देवघर के 10, जामताड़ा के 02, गोड्डा के 01, गिरिडीह के 29, हजारीबाग के 41, कोडरमा के 11, चतरा के 05, गढ़वा के 02, पलामू के 09, पूर्वी सिहभूम के 03, पश्चिमी सिंहभूम के 08, गुमला के 01, सिमडेगा 28 और रांची जिला के 16 प्रवासी मजदूर थे.

