रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा श्रृंखलाबद्ध तरीके से जारी किये जा रहे वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर मानसिक मजबूती के साथ चीन से लड़ने की सलाह प्रधानमंत्री को दी है.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राहुल गांधी लगातार विभिन्न माध्यमों से केंद्र सरकार का ध्यान ज्वलंत समस्याओं और समाधान की ओर आकृष्ट करा रहे है.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह कहना पूरी तरह से सही है कि यदि कमजोरी के बारे में प्रतिद्वंदियों को जानकारी मिल जाएगी, तो मुश्किल होगी, इसलिए भारत पूरी एकजुटता के साथ वैश्विक दृष्टिकोण को अपनाते हुए आगे बढ़े.
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत एक ऐसे दोराहे पर खड़ा है,जहां एक ओर जाने से देश पूरी दुनिया में बड़ी भूमिका निभा सकता है.
वहीं दूसरे रास्ते पर जाने से अप्रसांगिक भी हो सकता है, इसलिए यह बड़ा अवसर है, जिससे आने वाले समय में देश की प्रतिष्ठा और अधिक बढ़ सकती है.
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि चीनियों के साथ मानसिक मजबूती के साथ लड़ना होगा, बगैर दृष्टिकोण से चीन से नहीं निपटा जा सकता है.
केवल राष्ट्रीय दृष्टिकोण से चीन जैसे पड़ोसी देशों से नहीं निपटा जा सकता है, इसके लिए ग्लोबल दृष्टिकोण को अपनाना होगा. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने डॉ. रामेश्वर उरांव के निर्देश पर हजारों कार्यकर्ताओं ने फेसबुक, ट्युटर, इंसटाग्राम के माध्यम से राहुल गांधी के संदेश को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का काम किया है.

