रांची: लोक जनशक्ति पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान के बाद पार्टी की कमान संभालने वाले सांसद चिराग पासवान ने अब झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भी चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है. चिराग पासवान ने आज दो चुनावी सभा को संबोधित किया और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान के पक्ष में जनसभा को संबोधित करने के लिए भी वे जल्द ही जरमुंडी आएंगे.
चिराग पासवान आज नई दिल्ली से रांची पहुंचे और हेलीकॉप्टर से हुसैनाबाद और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया. लोजपा ने भवनाथपुर से रेखा चौबे को उम्मीदवार बनाया है, वहीं हुसैनाबाद से अनंत प्रताप सिंह चुनाव मैदान में है. इस दौरे के क्रम में चिराग पासवान ने झारखंड में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, एनडीए के घटक दलों के बीच सहमति नहीं बन पाने के लिए भाजपा नेतृत्व को जिम्मेवार ठहराया. चिराग पासवान के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता महबूब अली कैशर भी चुनाव प्रचार के लिए झारखंड पहुंचे है.
इससे पहले चिराग पासवान के रांची पहुंचने पर हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्त्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. स्वागत करने वालों में वीणा देवी, प्रदेश मीडिया प्रभारी अजय कुमार मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता उमेश तिवारी, राणा प्रधान, प्रदेश सचिव ऋषिकेश राय समेत अन्य नेता उपस्थित थे.

