रांची: राज्य सहित पूर देश में आज क्रिसमस का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को लेकर रात 12 बजे ही रांची समेत राज्यभर में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है. शुक्रवार को आज दूसरे दिन भी ऑनलाइन मिस्सा का प्रसारण किया गया. इधर राज्य भर के गिरजा घरों में विशेष पूजा प्रार्थना सभा हो रही है. हालांकि, कोरोना को देखते हुए मसीही समुदाय के लोग सरकारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए प्रार्थना सभा में शामिल हो रहे हैं. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी है.
महागिरघर, संत मारिया गिरजाघर में ईसाईयों का पवित्र त्योहार क्रिसमस मनाया गया . आज ही के रात नन्हें बालक ईसा मसीह का जन्म हुआ था. उसी की याद में आज रात दुनिया भर के ईसाई समुदाय के लोग येशु के जन्म का उत्सव मनाते हैं. इसे ही बड़ा दिन और कुछ लोग इसे क्रिसमस के रूप से भी मनाते हैं. मगर कोविड-19 के कारण इस वर्ष क्रिसमस कुछ अलग तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया है. रांची ईसाई धर्म प्रांत के फादर ने क्रिसमस का संदेश देते हुए लोगों से अपील की है कि इस वर्ष का क्रिसमस गरीबों परिवार और जरूरतमंदों की सेवा कर और सादगी से मनाना है.
आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में जगह-जगह आतिशबाजी की गई और गिरजाघरों में क्रिसमस के गीत भी गाए गए. आज सुबह से ही क्रिसमस की खुशी ईसाई समुदाय के लोगों में देखने को मिल रही है. लोग एक दूसरे को बधाइयां दे रहे हैं और कोरोना के दौरान भी इस खुशी को आपस में बांट रहे हैं.
इससे पहले क्रिसमस की पूर्व संध्या पर पूर्वी सिंहभूम जिले के ब्रांड एंबेसडर और माधुरी दीक्षित फिल्म अभिनेत्री के फैन पप्पू सरदार ने सांता क्लॉज का वेश धरकर आम लोगों के बीच मास्क, सैनिटाइजर और सांता क्लॉस टोपी का वितरण आम लोगों के बीच किया और लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया. ऐसा पहली बार हो रहा है कि पप्पू सरदार ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर चॉकलेट टॉफी की जगह मास्क ,टोपी, सैनिटाइजर आदि का वितरण कर,लोगों के बीच कोरोना के प्रति आम जनता को जागरूक कर रहे हैं.
इस अवसर पर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार भी उपस्थित थे और पप्पू सरदार द्वारा दिए गए मास्क का वितरण कर लोगों को जागरूक कर रहे थे .उन्हें स्वच्छता के प्रति और कोरोना के प्रति लोगों को सचेत कर रहे थे.
धनबाद जिले में भी क्रिश्चियन समुदाय का सबसे बड़ा पर्व क्रिसमस की धूम दिख रहा है. समुदाय के लोग प्रभु यीशु के जन्म के मौके पर एक दूसरे को बधाइयां और तोहफे दे रहे हैं. संत एंथोनी चर्च में शुक्रवार सुबह प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया. जिसके बाद लोगों ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां दी. मौके पर युवा वर्ग में काफी उत्साह देखा गया. पूरे चर्च की साज-सज्जा देखते ही बन रही है.

