सुरूर रज़ा,
रांची: केंद्र सरकार ने कुछ शर्तों के साथ सिनेमाघर खोलने का आदेश दे दिया है. हालांकि झारखंड में अब तक सिनेमा हॉल्स बंद हैं. इससे सिनेमा दर्शक मायूस हैं. संचालकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

केंद्र द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स, नाटक घरों को 50 प्रतिशत दर्शकों के साथ संचालन की अनुमति दी गई है. दिशा-निर्देशों के मुताबिक, इस दौरान सामाजिक दूरी और सैनिटाइजेशन समेत ऐहतियाती कदम उठाए जाने हैं. इनके अंदर खान-पान का सामान बेचने की अनुमति नहीं दी गई है. राज्य सरकार ने झारखंड में अभी सिनेमा हॉल में पाबंदियां लगा रखी है.

कुछ सिनेमा प्रेमियों ने कहा कि जिस तरह जिम और मॉल को खोलने के आदेश दिये गये हैं, उसी तरह अब सिनेमा हॉल को भी खोलने का आदेश सरकार द्वारा दिया जाना चाहिए. कुछ लोगों का यह भी कहना है कि यूं तो अब वह वेब सीरीज और ऑनलाइन के माध्यम से फिल्में देखते हैं, परंतु थिएटर में फिल्में देखने का अलग ही मजा है. इसलिए सिनेमा घर को जल्द से जल्द खोला जाना चाहिए.


