संवाददाता,
रांची: महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर भारतीय इस्पात प्राधिकार (सेल) के प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार को स्वच्छता संकल्प लिया गया. संस्थान की कार्यपालक निदेशक कामाक्षी रमन ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को स्वच्छता का संदेश दिया और यह संकल्प दिलाया कि कार्यालय और आवास में स्वच्छता के लिए खुद पहल करेंगे. ताकि स्वच्छ वातावरण तैयार हो सके. मौके पर कार्यपालक निदेशक काजल दास ने कर्मियों को सामूहिक प्रयास के जरिये स्वच्छता के लिए कदम बढ़ाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें और कर्मियों के साथ मिल कर कार्यालय परिसर की सफाई करें. इस अवसर पर कामाक्षी रमन और काजल दास ने परिसर की सफाई भी की और कहा कि संस्थान को स्वच्छ रखने के साथ-साथ स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित भी किया. इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारीयों के अलावा मुख्य महाप्रबंधक पीएम हेमरोम, महाप्रबंधक मानस रथ और शैलेश भारती विशेष रूप से मौजूद थे.

