धनबाद: धनबाद के सदर थाना क्षेत्र के हीरापुर हटिया स्थित कपड़ा मंडी में आज सुबह अचानक कपड़ा दुकान में आग लग गई, जिससे वहां रखे करीब 10 लाख रुपए का कपड़ा जलकर खाक हो गया. करीब सुबह 6:00 बजे दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने दुकान मालिक बबलू राजा को फोन कर सूचना दी.
जिसके बाद दुकान मालिक वहां पहुंचा तब तक वहां रखे लाखों रुपए के कपड़े जलकर खाक हो गये. वहीं स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना धनबाद फायर ब्रिगेड को दी लेकिन संकरा रास्ता होने के कारण फायर बिग्रेड दुकान तक नहीं पहुंच पायी.
किसी तरह फायर ब्रिगेड पाइप के जरिए दुकान तक पहुंचा और आग पर काबू पाया. वहीं दुकानदार की मानें तो दुकान में करीब 10 लाख रुपए के कपड़े रखे हुए थे. जो पूरा जलकर खाक हो गया. दुकानदार का रो रो कर बुरा हाल है. दमकल कर्मी आग लगने के कारणों के बारे में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.

