पश्चिमी विक्षोभ व अरब सागर में बने निम्न दबाव का असर
रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्यभर के विभिन्न हिस्सों में आसमान में बादल छाये हुए है और पिछले 24 घंटों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई. 17 दिसंबर से आसमान साफ होने के आसार है, इसके बाद ठंड बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर पहुंच सकता है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग कार्यालय के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि देश के उत्तरपूर्व हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ उत्पन्न और अरब सागर में बने निम्न दबाव का असर झारखंड में देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि 17 दिसंबर के बाद आसमान से बादल छंटने पर ठंड बढ़ने की संभावना है.
उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटों में रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाये रहेंगे. कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के भी आसान है. यह स्थिति 16 दिसंबर तक रहेगी और उसके बाद आसमान साफ होने के बाद दिन का तापमान घटेगा. तापमान में गिरावट दर्ज होने के साथ ही कुछ इलाकों में सुबह-सुबह धुंध भी छाये रहने की संभावना है.
मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि उत्तरी और मध्य झारखंड में कुछ कुछ जगह पर हल्के बादल रहेंगे और आंशिक बारिश की भी संभावना है. पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं जमशेदपुर का 16.2, डालटनगंज का 15.1, बोकारो में 14.1 और चाईबासा में 15.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

