रांचीः रांची में मंगलवार शाम से ही बादल छाए हुए हैं. देर शाम रांची के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई. बारिश के बाद ठंडी हवा ने एक बार फिर सर्दी में इजाफा किया है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक अगले तीन दिनों तक राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. गुमला, बोकारो, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश के साथ वज्रपात के भी आसार हैं.
रांची की बात करें तो 19 से 20 फरवरी के बीच आसमान में बादल छाए रहेंगे रहेंगे. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि पिछले 24 घंटे से अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है.
क्यों हो रही है बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड के अधिकांश इलाकों में मौसम में परिवर्तन हुआ है. उन्होंने बताया कि बुधवार को भी जहां बारिश होने के आसार हैं. वहीं गुरुवार को बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 21 फरवरी से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा.
इन जिलों में दिखेगा सबसे ज्यादा असर
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बदले हुए मौसम का असर मध्य, उत्तर और दक्षिण झारखंड में सबसे अधिक होगा. चतरा, पलामू, लोहरदगा, लातेहार, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम सबसे ज्यादा प्रभावित होगा. इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि भी हो सकती है.

