नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में 70 में से 62 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है. 16 फरवरी को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल शपथ लेंगे. दिल्ली में शानदार जीत के बाद पार्टी ने दिल्ली जैसा मॉडल अन्य राज्यों में भी लाने का दावा किया है. यानी पार्टी दिल्ली से बाहर दूसरे राज्यों में भी चुनाव लड़ सकती है.
आम आदमी पार्टी की नेता प्रीति शर्मा मेनन का कहना है कि ”महाराष्ट्र में हम स्थानीय निकाय चुनावों में शामिल होंगे और यहां एक संगठन खड़ा करेंगे”. यानी आम आदमी पार्टी महाराष्ट्र में निकाय चुनाव लड़ेगी. पार्टी जिला परिषद, महापालिका चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी.
उन्होंने कहा ”मैं वास्तव में कामना करती हूं कि दिल्ली मॉडल को वर्तमान महाराष्ट्र सरकार द्वारा दोहराया जायेगा और यदि वे हमसे कोई सहायता चाहते हैं, तो हमें मदद करने में खुशी होगी”.

