रांचीः राज्य में नयी सरकार के गठन होने और मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दो दिवसीय दौरे के तहत शनिवार की शाम है लीकाप्टर से उपराजधानी दुमका पहुंचे, जहां उनका स्वागत प्रमंडलीय आयुक्त अरबिंद कुमार, डीआइजी राजकुमार लकड़ा, डीसी राजेश्वरी बी, एसपी वाईएस रमेश तथा डीडीसी शेखर जमुआर ने किया.
इसके अलावा बड़ी तादाद में झामुमो-कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे. अधिकांश लोगों ने सीएम को बुके की वजाय पुस्तक देकर उनका स्वागत किया तथा बधाई दी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एयरपोर्ट से सीधे दुमका के पोखरा चौक पहुंचे, जहां सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया.
वे आंबेदकर चौक व विवेकानंद चौक भी पहुंचे तथा वहां भी श्रद्धापुष्प अर्पित किया. आज प्रबुद्धजनों से करेंगे मुलाकात, जायेंगे भोगनाडीह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को राजभवन में शहर के प्रबुद्धजनों व पत्रकारों से मिलेंगे.
उन्हें दुमका के दिसोम मांझी थान आर जाहेरथान समिति ने सोहराय पर्व पर भी बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया है. इसके बाद मुख्यमंत्री हैलीकाप्टर से ही संताल हूल के अमर नायक सिदो कान्हू की जन्मस्थली साहिबगंज जिले के भोगनाडीह पहुंचेंगे. वहां से वे रांची प्रस्थान कर जायेंगे.

