रांची:- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखा है. जिसमें उन्होंने झारखंड में मिलिट्री अस्पतालों और अन्य सशस्त्र बलों के अस्पतालों में काम कर रहे डॉक्टरों की सेवा कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए लेने का आग्रह किया है.
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में बताया कि पूरे देश की तरह मार्च से ही झारखंड में भी कोरोना के मामले में बहुत तेजी आयी है. अस्पतालों में डॉक्टरों की जरूरत है. ऐसे में इन मिलिट्री अस्पतालों के डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों को राज्य के अस्पतालों में सेवा देने की इजाजत देने की पहल की जाए.
मुख्यमंत्री ने बताया कि रांची और रामगढ़ में सेना के अस्पताल है. यहां कई डॉक्टर है और मौजूदा आपात स्थिति में इन डॉक्टरों को मानवता की सेवा के लिए आगे आना चाहिए, इसके लिए यथाशीघ्र इजाजत प्रदान की जाए.

