उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण जलमग्न क्षेत्रों की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण किया.
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ललित नारायण मिश्र रेलवे हास्पिटल तथा एम्स गोरखपुर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिये एल-2 के चिकित्सालय बनाये जाने की तैयारियों का भी निरीक्षण किया.
योगी ने बढ़ते जलस्तर के निरीक्षण के बाद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी बंधे सुरक्षित रहें, इसके लिए तटबंधों की निरन्तर निगरानी की जाये. उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये.
मुख्यमंत्री ने खाद्य वितरण से सम्बन्धित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि खाद्य माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की तामील की जाए. हर गरीब को भोजन मिले और खाद्यान्न वितरण का काम एक नोडल अधिकारी की निगरानी में किया जाए.

