राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त कराने के लिए बुधवार को ‘प्लास्टिक कचरा संग्रह श्रमदान’ कार्यक्रम का सीएम योगी ने शुभारंभ किया. इसके साथ ही उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग न करने के लिए लोगों को शपथ दिलाई.
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक से कैंसर होने का सबसे अधिक खतरा है. वैज्ञानिक शोध में ये प्रमाणित भी हो चुका है. प्लास्टिक स्वचछता में भी सबसे बड़ी बाधा है. सीएम योगी ने इस दौरान बीजेपी कार्यालय से मुख्यमंत्री आवास तक पद यात्रा निकाली. जिसमें तमाम मंत्री भी शामिल हुए. पदयात्रा के दौरान सफाई अभियान चलाया गया. इसके बाद सीएम आदित्यनाथ हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचे, जहां राज्यपाल आनंदीबेन भी साथ थीं. राज्यपाल व सीएम ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
इसके बाद महापौर संयुक्ता भाटिया, मंत्री महेंद्र सिंह, आशुतोष टंडन और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी गांधी को नमन किया. इस दौरान बच्चों ने गांधी के जीवन पर आधारित झांकी निकाली. इसके बाद सीएम हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इसके बाद वे शास्त्री भवन में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे.

