उत्तर प्रदेश: कानपुर में हुए घटनाक्रम के लिए एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘ठोक देंगे’ पॉलिसी को जिम्मेदार ठहराया है. कानपुर में हुए इस कांड में 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे.
ओवैसी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की ‘ठोक देंगे’ नीति पूरी तरह राजनीतिक विफलता थी. इस विनाशकारी नीति के लिए यूपी के सीएम जिम्मेदार हैं. आप नियम-कानून को बंदूक से दबा नहीं सकते. हमें इस मामले में सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है.
उन्होंने कहा, एक अपराधी जिस पर 60 मामले दर्ज किए गए हैं और जिसकी जमानत पुलिस और सरकार ने रद्द नहीं की थी, उसने इन सभी पुलिस अधिकारियों की हत्या कर दी.
इसके बाद उन्होंने कहा कि सीएम योगी को यह भरोसा दिलाना होगा कि विकास दुबे को गिरफ्तार किया जाना चाहिए, न कि एनकाउंटर के नाम पर उसकी हत्या करनी चाहिए.
बता दें कि कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में 2 जुलाई की रात 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से विनय दुबे फरार है. घटना के बाद से पुलिस विकास दुबे की धरपकड़ के लिए तमाम कोशिशें कर रही है. पुलिस की 25 से अधिक टीम उत्तर प्रदेश और अन्य प्रदेशों में लगातार छापेमारी कर रही हैं.

