मुंगेर : संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र के निरीक्षण का कार्य शुरू कर दिया है. एसडीओ खगेशचंद्र झा के निर्देश पर आज धरहरा सीओ मु. अबुल हुसैन व हेमजापुर ओपी अध्यक्ष सुनील कुमार सहनी ने संयुक्त रूप से गंगा तटवर्ती स्थित विभिन्न पंचायतों के गंगा घाटों का निरीक्षण किया.
हेमजापुर ओपी क्षेत्र के सर्वाधिक कटाव ग्रस्त शिवकुंड में ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल बाढ़ में कटाव की रोकथाम के लिए डाले गए सेंड बैग भी प्रवाह में बह रही है। क्षेत्र के कई घाटों पर बैग तहस-नहस हो चुकी है। ऐसे में बाढ़ आने पर कटाव होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। वहीं सुंदरपुर में कटाव ग्रसित इलाकों के निरीक्षण के क्रम में देखा गया कि गंगा किनारे जहां-तहां कुछ ग्रामीणों द्वारा गंगा की मिटटी का कटाव किया जा रहा है। उन्होनें इस पर चिता जताई। निरीक्षण के बाद हेमजापुर ओपी में सीओ मु. अबुल हुसैन व ओपी अध्यक्ष संयुक्त रूप से बताया कि हेमजापुर, बाहाचौकी व शिवकुंड पंचायत के विभिन्न कटाव वाले इलाकों का दौरा किया गया है। जहां-जहां सेंडबैग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। वहां नया सेंडबैग डाला जएगा। इसके लिए संबंधित पंचायतों में बाढ़ पूर्व अतिरिक्त सैंड बैग रख दिए जाएंगें। जरूरत पड़ने पर बाढ़ के समय इस सैंडबैग को उपयोग में लाया जा सकेगा। इस अवसर पर पूर्व मुखिया राजकुमार राय, राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार सहित पुलिस बल उपस्थित थे.

