श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण घाटी में सर्द हवाओं के कारा तापमान बेहद कम दर्ज हो रहा है. शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात श्रीनगर में पिछले 30 साल की सबसे सर्द रात रही. मौसम विभाग के अफसरों के अनुसार शहर में 1991 के बाद सबसे कम तापमान माइनस 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
मौसम विभाग के अफसरों ने जानकारी दी है कि रविवार से जम्मू कश्मीर और लद्दाख के तापमान में सुधार देखने को मिलेगा. उनका कहना है कि शनिवार को श्रीनगर में इस सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है. शनिवार को श्रीनगर का अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस था.
जम्मू कश्मीर और लद्दाख के मौसम विभाग के डायरेक्टर सोनम लोटस ने जानकारी दी है कि श्रीनगर में शनिवार-रविवार की रात को रिकॉर्ड किया गया माइनस 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान पिछले 30 साल में सबसे कम तापमान है. 1991 में श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
जम्मू कश्मीर में चल रहा सर्वाधिक ठंड का दौर ‘चिल्लई कलां’ रविवार को खत्म हो रहा है. पहलगाम में शनिवार को न्यूनतम तापमान माइनस 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं गुलमर्ग का तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लेह का तापमान माइनस 16.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है.

