बारिश से ठंड बढ़ी, दो दिनों तक बादल छाये रहने की संभावना
रांची: मौसम के मिजाज में हुई बदलाव से एक बार फिर राजधानी सहित पूरा प्रदेश ठंड के आगोश में आ गया है. दोपहर धूप के बाद मंगलवार शाम मौसम में बदलाव हुआ. शाम को बादल छाए के बाद देर शाम रांची के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई. बारिश के बाद ठंडी हवा ने एक बार फिर सर्दी में इजाफा किया है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. गुमला, बोकारो, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश के साथ वज्रपात के भी आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार रांची में 19 से 20 फरवरी के बीच आसमान में बादल छाए रहेंगे रहेंगे. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि पिछले 24 घंटे से अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड के अधिकांश इलाकों में मौसम में परिवर्तन हुआ है. उन्होंने बताया कि आज यहॉ बारिश होने के आसार हैं. जबकि गुरुवार को बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 21 फरवरी से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा.

