बिहार: उत्तर भारत समेत पूरे बिहार में लगातार तापमान गिरता जा रहा है. दरअसल, राजधानी पटना समेत राज्य के सभी बड़े शहरों गया, भागलपुर, पूर्णिया और अन्य जिलों में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार गया में पारा 3.8 पर जा पहुंचा है. यहां पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है. वहीं पटना में तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस है और यहां के तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई है.
भागलपुर में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस है वहीं पिछले 24 घंटे में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. इसी क्रम में पूर्णिया का तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. यहां के तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है.
इसके चलते मौसम विभाग ने बताया कि पटना में अगले 7 दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. लोगों को धुंध और कोहरे से तो राहत मिली है लेकिन ठंड का कहर लगातार जारी है.
मौसम विभाग के निदेशक शंकर आनंद शंकर ने बताया कि ठंड अधिक होने की वजह पश्चिमी क्षेत्र में हो रहे विक्षोभ की सक्रियता है.
बता दें कि बिहार में ठंड से अब तक 7 लोगों की जान जा चुकी है. हालांकि, इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. वहीं दूसरी ओर ठंड को ध्यान में रखते हुए राज्य के लगभग सभी जिलों में स्कूल 2 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं.

