रांची: हिमालय के क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है और इस कारण वहां से आने वाली सर्द हवाओं से राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. रांची में कनकनी बढ़ गई है. राज्य के दूसरे जिलों का भी ऐसा ही हाल है. इन सर्द हवाओं का असर गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद और रांची में सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति अभी दो-तीन दिनों तक बरकरार रहेगी. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चाईबासा में 26 डिग्री रिकार्ड किया गया. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में रिकार्ड किया गया.
रांची स्थित भारती मौसम विज्ञान विभाग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 36 घंटे में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान छह दषमलव एक डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में दर्ज किया गया. रांची का न्यूनतम तापमान सात दशमलव 3, जमशेदपुर में सात दशमलव छह, और बोकारो में छह दमशलव दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिन मौसम साफ रहेगा और शीतलहर चलती रहेगी, लेकिन 1 जनवरी से मौसम फिर बदलेगा.

