शिवपुरी: कलेक्टर अनुग्रहा पी एवं पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने सभी जिले वासियों से अपील की है कि घर में रहकर ही सभी त्योहार मनाएं. कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप को देखते हुए कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित ना करें जिसमें भीड़ एकत्रित हो.
सद्भावना एवं समन्वय समिति के सभी सदस्य विभिन्न धर्मो के धर्मगुरुओं ने भी यही अपील की है कि महामारी के संक्रमण से बचाव के लिए कहीं भी बाहर जाने और किसी को घर पर बुलाने से परहेज करें क्योंकि बीमारी से बचाव के लिए सावधानी बहुत जरूरी है.
आगामी त्योहारों ईद, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस, मोहर्रम, गणेश विसर्जन (अनंत चतुर्दशी) के त्योहार को शांति एवं सद्भाव के साथ मनाए जाने के लिए बैठक आयोजित की गई.
बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार महामारी से बचाव को देखते हुए शासन द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं. शासन के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों में किसी प्रकार का सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित ना किया जाए.
उन्होंने कहा है कि किसी प्रकार की झांकी, चल समारोह आयोजित नहीं होंगे. ईद के त्यौहार पर सभी घर पर ही नमाज अदा करें और घरों में रहकर ही पूजा- प्रार्थना करें.
गणेश चतुर्थी पर मिट्टी की मूर्ति घरों में रखें और उसे घरों में ही विसर्जित करें. ताकि बाहर भीड़भाड़ वाले स्थान पर किसी के संपर्क में आने से बच सकें.

