ग्वालियर: कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए ग्वालियर शहर में 7 कोरोना स्क्वॉयड तैनात किए गए हैं. कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने स्मार्ट सिटी के कमाण्ड सेंटर से गुरूवार को हरी झण्डी दिखाकर कोरोना स्क्वॉयड वाहनों को रवाना किया. इस अवसर पर अपर कलेक्टर आशीष तिवारी एवं स्मार्ट सिटी की सीईओ जयति सिंह भी मौजूद थीं.
राज्य शासन के गृह विभाग द्वारा “किल कोरोना अभियान-2” के तहत जारी किए गए दिशा-निर्देशों के पालन में कलेक्टर ने कोरोना स्क्वॉयड गठित किए हैं. कोरोना स्क्वॉयड शहर के विभिन्न बाजारों में भ्रमण कर सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क पहनने तथा भीड़भाड़ न होने देने से संबंधित निर्देशों का कड़ाई से पालन करायेंगे. साथ ही मास्क न पहनने वाले और सोशल डिस्टेंसिंग उल्लंघन करने वाले लोगों से जुर्माना भी वसूलेंगे. हर स्क्वॉयड में जिला प्रशासन व नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं.
कोरोना स्क्वॉयड द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के लिये चैक लिस्ट भी निर्धारित की गई है. जिसके तहत शहर में शॉपिंग मॉल, होटल, दुकानों व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान तथा धार्मिक व पूजा स्थलों सहित अन्य संस्थानों व बाजारों में कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जायेगा. साथ ही लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये जागरूक करने का काम भी कोरोना स्क्वॉयड करेंगे. सभी कोरोना स्क्वॉयड प्रतिदिन अपर कलेक्टर आशीष तिवारी को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे.
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कोरोना स्क्वॉयड के प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी दल पूरी मुस्तैदी के साथ कोरोना गाइडलाइन का पालन कराएं. लोगों को मास्क लगाने एवं सोशल डिस्टेंसिंग के लिये प्रेरित करें, जिससे सामुदायिक संक्रमण से बचा जा सके. उन्होंने कहा कोरोना स्क्वॉयड में शामिल जो कर्मचारी कार्य में ढिलाई बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से रहेगी कोरोना स्क्वॉयड पर नजर
कोरोना स्क्वॉयड वाहनों की स्मार्ट सिटी के एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से निगरानी होगी. स्मार्ट सिटी द्वारा सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाए जा रहे हैं. स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती जयति सिंह ने बताया कि स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर में वाहनों की निगरानी के लिये विशेष व्यवस्था की गई है.

