कोडरमा: कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के मौजा कुशमई में वर्षों से चल रहे पत्थर माइंस में ऊपर से पत्थर गिर जाने के कारण खदान के नीचे काम कर रहे कम्प्रेशर संचालक की दर्दनाक मौत हो गयी।

उक्त माइंस तिलैया थाना क्षेत्र के कमल कुमार अग्रवाल (केडिया), पिता स्व. सत्यनारायण केडिया का है। जिले के डोमचांच अंचल अंतर्गत नवलशाही थाना क्षेत्र के कुशमई मौजा में अवैध पत्थर खदान 8.35 एकड़ पर धड़ल्ले से संचालित किया जा रहा है।
इसकी गहराई लगभग 300 फीट से भी अधिक बताई जारही है। उक्त पत्थर खदान में बुधवार को लगभग 11 बजे दिन कम्प्रेशर संचालक राजकुमार यादव (30 वर्ष), पिता बालगोविन्द यादव माइंस के निचला हिस्सा पर ड्रिल कर रहा था। इसी समय अचानक माइंस में एक ब्लास्टिंग हो गया और भारी पत्थर उड़कर बाल गोविन्द के माथे पर जा गिरा, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। घटना के बाद पत्नी व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस पत्थर माइंस पर लगा बोर्ड पर अवधि व खाता प्लॉट का कोई अता पता नहीं है। साथ ही बगैर बेन्चिंग फिनिसिंग, सुरक्षा का घेरा, क्रेशर एनओसी बोर्ड, निबंधित मजदूर और बिना कागजात का कई शक्तिमान वाहनों का उपयोग करने समेत कई अनियमितता भी उजागर हुई है।
यहां बैगन ड्रील से ब्लास्टिंग की जा रही है, जिसका कोई लिखित आदेश नहीं है। वहीं ब्लास्टिंग के कारण आसपास के लोग प्रभावित हो रहे हैं। वहीं माइंस से सटे ग्राम नवलशाही के लोगों ने बताया की आये दिन इन अबैध पत्थर खदान में कई कमियों के कारण अनगिनत मजदूरों की मौत भी हो चुकी है।
साथ ही प्रत्येक दिन हजारों लीटर पानी बर्बाद किया जा रहा है, जिसके कारण गांव के लगभग सभी कुआं व चापाकलों का पानी भी सुख चुका है। दूसरी ओर माइंस के लगभग एक सौ मीटर की दूरी पर कोडरमा-गिरिडीह रेलवे लाइन भी है, जहाँ इस लाइन पर चलने वाले ट्रेन के सवारियों पर कभी भी खतरा मंडराता रहता है।
घटना की सूचना मिलते ही नवलशाही थाना प्रभारी राजीव प्रकाश, एएसआई आशीष हांसदा सदल-बल घटना स्थलपर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया। हालांकि पूर्व की भांति इस बार भी खदान मालिक द्वारा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देकर मामला शांत करा लिया गया।

