रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 8 वें दिन आज भाजपा विधायकों के सदन से बहिर्गमन के बीच जल संसाधन विभाग के 13.21 अरब रुपये से अधिक की अनुदान मांग को ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान कर दी गयी, वहीं भाकपा-माले विधायक विनोद कुमार सिंह ने अपने कार्यस्थगन प्रस्ताव को वापस ले लिया.
भोजनावकाश के बाद जलसंसाधन विभाग की अनुदान मांग पर सरकार की ओर से जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री सह जलसंसाधन विभाग के प्रभारी मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सरकार उत्तम जल प्रबंधन और संचयन के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने राज्य के खजाने को खाली कर दिया है, इसके बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पूरी टीम तमाम विपरीत परिस्थितियों में बेहतर तरीके से और विजन के साथ काम कर रही है. सरकार किसी भी परिस्थिति में जल, जंगल और जमीन की रक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं करेंगे. जल संसाधन के बेहतर प्रबंधन के साथ ही रेन वाटर हार्बेस्टिंग को भी बढ़ावा दिया जाएगा.

