परिसदन में शराब पीकर हंगामा करने के मामले को नेतृत्व ने गंभीरता से लिया
रांची:-झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दो कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा और संजय पासवान के खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी किया गया. रांची के हटिया परिसदन में शराब पीकर इन दोनों द्वारा अन्य सहयोगियों के साथ हंगामा करने के मामले को पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है और प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के निर्देश पर दोनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
पार्टी के विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम को दोनों को शोकॉज नोटिस जारी करने का आदेश प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यालय प्रभारी को दे दिया है.
दोनों प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षों के खिलाफ पिछले दिनों हटिया परिसदन में शराब पीकर वहां कार्यरत कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था.बताया गया है कि उस दिन हंगामा के दौरान मोबाइल पर वीडियो बनाने का मामला सामने आने पर मोबाइल भी तोड़ देने का आरोप लगा था, लेकिन बाद में बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ था और सत्ता में रहने के प्रभाव के कारण इनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज नहीं करायी जा सकी थी. लेकिन इसकी सूचना प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह तक भी पहुंची, जिसके बाद पार्टी की ओर से मामले में प्रारंभिक छानबीन शुरू हुई है.
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस में पांच कार्यकारी अध्यक्ष है और समय-समय पर इनकी चर्चा अलग-अलग वजहों से होती रहती है. एक विधायक कार्यकारी अध्यक्ष है, उनकी जुबां कभी प्रदेश नेतृत्व और प्रभारी के खिलाफ ही चलने लगती है, तो एक कार्यकारी अध्यक्ष 14 प्रवक्ताओं के प्रभारी है, लेकिन इनमें सामंजस्य नहीं बना पाने की स्थिति में पार्टी प्रभारी को भी हस्तक्षेप करना पड़ता है, जबकि दो प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षों के कारनामे पिछले दिनों मीडिया में सुर्खियों में आने पर पार्टी की काफी किरकिरी हुई है, वहीं पांचवें प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष को कार्यालय को भी प्रभार मिला है, लेकिन उनके खिलाफ भी संगठन के आम कार्यकर्त्ताओं में नाराजगी देखने को मिलती रहती है.

