-
झारखंड में कोरोना वायरस के तीसरे पॉजिटिव मरीज की पुष्टि
-
बांग्लादेश से तबलीगी जमात में हिस्सा लेकर लौटी थी महिला
रांची: झारखंड में कोरोना वायरस कोविड-19 के तीसरे पॉजिटिव महिला की पुष्टि हुई है. कोरोना संक्रमित महिला बोकारो जिले के तेलो गांव की रहने वाली है.
Also Read This: दिल्ली के साथ सौतेला व्यवहार कर रही केंद्र सरकार: मनीष सिसोदिया
स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि की है. महिला तबलीगी जमात से जुड़ी हुई है और वह कुछ दिनों पूर्व बांग्लादेश से लौटी है. बांग्लादेश में कुछ दिन पहले तबलीगी जमात में बोकारो जिले के नौ लोग शामिल हुए थे, जिसमें छह लोग चंद्रपुरा और तीन लोग चंदनकियारी से गये थे.
उपायुक्त मुकेश कुमार ने बताया है कि बोकारो के चंद्रपुरा प्रखंड स्थित तेलों बस्ती की एक महिला कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाई गई हैं.
उपायुक्त बताया है कि संक्रमित महिला को बोकारो जनरल अस्पताल के क्वारंटाइन वार्ड में शिफ्ट कर इलाज शुरू कर दिया गया है.
उन्होंने बताया कि महिला के घर और आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज किया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित महिला के परिवार और पास के घरों के लोगों की जांच में जुट गई है.
बताया गया है कि चंद्रपुरा प्रखंड के तीन दंपत्ति बांग्लादेश के ढाका में हुए तब्लीगी जमात में शामिल होकर 15 मार्च को चंद्रपुरा अपने अपने घर लौटे थे.
तीनों दंपत्ति की स्क्रीनिंग कराई गई. तत्पश्चात उन्हें चास स्थित शैक्षणिक संस्थान जीजीईएस के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया. पिछले दिनों तीनों दंपती का सैंपल जांच के लिए भेजा गया, जिसमें एक महिला में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई.
झारखंड में अबतक कोरोना से संक्रमित तीन मरीज मिले है, जिनमें से दो मरीजों का संबंध तबलीगी जामत से है. राज्य में अबतक कुल 775 लोगों की जांच में 574 रिपोर्ट निगेटिव मिले हैं. जबकि 198 की रिपोर्ट का इंतजार है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार तक झारखंड में 2704 संदिग्धों को सरकारी क्वारंटाइन में भेजा गया जबकि 1247 नए संदिग्ध होम क्वारंटाइन में रखे गए.
राज्य में कुल 1.36 लाख होम क्वारंटाइन में रखे गए हैं. इससे पहले दो अप्रैल को हजारीबाग के 55 वर्षीय संदिग्ध में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी.
मरीज 55 वर्षीय मरीज पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक विवाह समारोह से 29 मार्च को लौटा था. सांस में तकलीफ व कफ की शिकायत पर हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कर सैंपल रिम्स भेजा गया था.
इससे पहले 31 मार्च को रांची के हिंदपीढ़ी में कोरोना से संक्रमित मरीज का पहला मामला सामने आया था. मलेशिया से धर्म प्रचार के लिए रांची आई युवती में कोरोना संक्रमण मिला था. युवती वहां के घर में और उसके 22 साथी मस्जिद में रुके थे, जहां से पुलिस ने पकड़कर इनकी जांच कराई.
22 लोगों में से एक युवती का ही सैंपल पॉजिटिव मिला. इसे रिम्स के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है. इन संदिग्धों में 17 विदेशी और 5 भारतीय थे. इन 22 संदिग्धों में 5 महिलाएं भी थी, जिनमें 4 विदेशी मूल की थी. पकड़े गए लोगों में आठ मलेशिया के, तीन इंग्लैंड, दो वेस्टइंडीज, एक हॉलैंड, एक बंग्लादेश, दो अफ्रीका व तीन दिल्ली, एक गुजरात और एक मुंबई का रहने वाला था.

