बिहार: कांग्रेस ने दिल्ली दरबार अपने वो चेहरे तय कर लिए हैं जो इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में ताल ठोकेंगे. इनमें से कई ऐसे नेता हैं जो कांग्रेस के वफादार रहे हैं तो कुछ ऐसे हैं जिन्हें महागठबंधन की सरकार में नीतीश कुमार ने अपनी ही पार्टी में किनारे लगा दिया था.
बिहार चुनाव में कांग्रेस ने भी अपने पहले चरण के उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगा दी है. दिल्ली दरबार में सोमवार की देर शाम कांग्रेस के पहले चरण के 20 उम्मीदवारों के नाम पर सहमति बन गई है. बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा खुद दिल्ली में ही मौजूद हैं और माना जा रहा है कि आज यानि मंगलवार को किसी भी वक्त कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगी. इधर सूत्रों ने पटना में कुछ दिग्गजों के टिकट कन्फर्म होने की पुष्टि कर दी है.
इन कांग्रेसी नेताओं को मिला टिकट
टिकट पाने वालों की लिस्ट में वैसे तो 20 चेहरे शामिल हैं. देखिए उन कन्फर्म उम्मीदवारों की डिटेल
गजानंद शाही ऊर्फ मुन्ना शाही (बरबीघा)-2010 में बरबीघा से JDU के टिकट पर जीत हासिल करने वाले गजानन्द शाही ऊर्फ मुन्ना शाही इस बार कांग्रेस के टिकट पर JDU के सुदर्शन को चुनौती देंगे. दरअसल सुदर्शन कांग्रेस के सीटिंग MLA हैं और हाल ही में JDU में शामिल हो गए हैं. वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार मुन्ना शाही JDU के वफादार सिपहसालारों में गिने जाते थे लेकिन लालू के साथ आने के बाद नीतीश ने उन्हें किनारे कर दिया था. बरबीघा में मुन्ना शाही की अच्छी पकड़ मानी जाती है.
डॉक्टरअशोक गगन (टेकारी)- गया जिले के टेकारी से कांग्रेस ने अपने बिहार प्रवक्ता डॉक्टर अशोक गगन को टिकट दिया है. अशोक गगन शिक्षाविद् होने के साथ कांग्रेस के काफी पुराने सिपाही रहे हैं. इनके परिवार में इनके भतीजे अमित कुमार भी कांग्रेस की मजदूर विंग के नेता हैं और इनके दूसरे भतीजे सुमित कुमार सन्नी बिहार NSUI के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं. अशोक गगन का मुकाबला टेकारी में HAM के अनिल सिंह से होगा. अनिल सिंह 2010 में JDU के टिकट पर विधायक बने थे. लेकिन जीतन राम मांझी के विद्रोह के बाद वो उनके साथ हो लिए.
नीतू कुमारी (हिसुआ)- नीतू कुमारी को कांग्रेस ने हिसुआ (नवादा) से टिकट दिया है. नीतू कुमारी पूर्व मंत्री स्व आदित्य सिंह की बहू हैं. आदित्य सिंह हिसुआ के पूर्व विधायक के साथ-साथ RJD सरकार में मद्य निषेध मंत्री भी रहे थे.
सतीश कुमार सिंह ऊर्फ मनटन सिंह (वारसलीगंज)- बिहार के नवादा जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ऊर्फ मनटन सिंह को वारिसलीगंज से चुनाव लड़ाने का फैसला किया गया है, कांग्रेस के टिकट पर मनटन वारसलीगंज से ताल ठोकेंगे.
दो चरणों के चुनाव यानि 28 अक्टूबर और 3 नवंबर के लिए कांग्रेस के पास 46 सीटें हैं. सूत्रों के मुताबिक इन 46 सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार तय कर लिए हैं. पार्टी मंगलवार को किसी भी वक्त अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है. कहलगांव के MLA और विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह, बिक्रम से वर्तमान MLA सिद्दार्थ, कुटुम्बा से राजेश राम, औरंगाबाद से आनंद शंकर सिंह, वजीरगंज से अवधेश कुमार सिंह और जमुई के सिकंदरा से वर्तमान MLA बंटी चौधरी का नाम करीब-करीब तय माना जा रहा है.

