रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह वित्त एवं खाद्य आपूर्ति डॉ. रामेश्वर उरांव समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने ‘स्पीक अप फॉर डेमोक्रेसी’ कार्यक्रम के तहत सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार से संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन पर सवाल पूछे.
डॉ. उरांव बरियातू स्थित अपने आवास पर स्पीकअप फोर डेमोक्रेसी अभियान की शुरुआत की. इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता छोटू, निरंजन पासवान भी मौजूद थे.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक परंपरा और प्रावधान के तहत पूर्ण बहुमत नहीं मिलने पर भी सबसे बड़ी पार्टी को ही राज्यपाल सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते है.
गोवा में कांग्रेस के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के बावजूद राजभवन का दुरुपयोग कर निर्दलीय विधायकों की मदद से भाजपा की सरकार बनवायी गयी.
इसी तरह से मणिपुर में भी कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, लेकिन सरकार निर्दलीय की मदद से भाजपा की बनी है. इसी तरह की कहानी अन्य राज्यों में भी दुहरायी गयी, कर्नाटक में भी कांग्रेस गठबंधन सरकार को गिरा कर बीजेपी की सरकार बनवायी गयी, मध्यप्रदेश में तो सारी हदें पार कर दी गयी, कांग्रेस के 21 विधायकों को तोड़ कर त्यागपत्र दिलवा दिया गया और विधायक नहीं रहने के बावजूद 13 लोगों को मंत्री के रूप के रूप में शपथ दिला दी गयी. संवैधानिक प्रावधान के मुताबिक इक्का-दुक्का विधायकों को ही बिना विधानमंडल का सदस्य रहे मंत्री बनाया जा सकता है, परंतु भाजपा ने इस संवैधानिक व्यवस्था का भी दुरुपयोग किया गया, लेकिन कांग्रेस प्रजातांत्रिक मूल्यों पर विश्वास रखती है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में भी भाजपा ने अनैतिक तरीके से सत्ता हथियाने की कोशिश शुरू की है. कुछ नेताओं को दिग्भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है और ईडी-सीबीआई समेत अन्य जांच एजेंसियों के साथ ही राजभवन जैसे संवैधानिक संस्थाओं का भी दुरुपयोग किया जा रहा है.
राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कैबिनेट द्वारा प्रस्ताव पारित कर फ्लोर टेस्ट के लिए विधानसभा सत्र आहूत करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया, लेकिन केंद्र के इशारे पर राजभवन को भी विवश किया जा रहा है.
पार्टी के अन्य नेताओं ने भी स्पीक अप फॉर डेमोक्रेसी कार्यक्रम के माध्यम से सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर भाजपा नेताओं के कुत्सित प्रयास की कड़ी आलोचना की गयी.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता छोटू ने मोराहाबादी स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी बापू वाटिका से फेसबुक लाइव के माध्यम से कहा कि मणिपुर, गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बाद अब राजस्थान में चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार को अपदस्थ करने की कोशिश की जा रही है.
उन्होंने कहा कि पूर्व में भाजपा ने लोगों को यह धारणा बनाने के लिए मजबूर कर दिया था कि चुनाव परिणाम चाहे, जो हो सरकार भाजपा की ही बनेगी, लेकिन जब ये धारण खत्म हो गयी, तो विभिन्न जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर सत्ता हथियाने की कोशिश की जा रही है.
कांग्रेस प्रवक्ताओं ने कहा कि भाजपा के इस कुत्सित प्रयासों के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध किया जाएगा. झारखंड के कांग्रेस विधायकों, सांसदों, पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से केन्द्र सरकार द्वारा राजस्थान की सरकार को अस्थिर करने के खिलाफ अभियान में शामिल होकर वीडियो अपलोड किया.

