जमशेदपुर: झारखंड में नई सरकार का गठन हुए 2 महीने से भी अधिक का वक्त बीत चुकी है. लेकिन सरकारी विभागों की स्थिति जस की तस बनी हुई है. आलम ये है कि सरकारी विभागों के रवैया से अब सरकार के सहयोगी दल भी नाराज होने लगे हैं.
ताजा मामला जमशेदपुर के मानगो नगर निगम का है. जहां क्षेत्र की गंदगी और अव्यवस्था से बेहाल कांग्रेसी नेताओं ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पर जमकर बवाल काटा. इन्होंने बताया है कि नगर निगम क्षेत्र में गंदगी का अंबार है. विभागों के अधिकारी किसी की नहीं सुनते. हर तरफ घोर अव्यवस्था है.
कांग्रेसियों ने 5 दिनों की मोहलत देते हुए ऐलान किया है कि अगर 5 दिनों के भीतर क्षेत्र में साफ सफाई नहीं कराई जाती है तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा. वैसे क्षेत्र के विधायक राज्य के मंत्री बन्ना गुप्ता है. वहीं कांग्रेसियों ने मंत्री का बचाव करते हुए कहा कि उनके पास पूरे राज्य की जिम्मेवारी है ऐसे में यहां के अधिकारियों को सुधारने की जिम्मेवारी अब वे खुद उठाएंगे.

