रांची: डालटनगंज सीट से कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी के साथ चैनपुर के कोसियारा मतदान केंद्र पर हुई झड़प पर चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने कहा कि झड़प से संबंधित फुटेज जिला निर्वाची पदाधिकारी को उपलब्ध कराया गया है और एक घंटे के अंदर रिपोर्ट मांगी गयी. वहीं जिला प्रशासन ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए कांग्रेस प्रत्याशी को हिरासत में ले लिया. फिर उन्हें रिहा भी कर दिया गया.
क्या है मामला
केएन त्रिपाठी ने जैसे ही बूथ के अंदर जाना चाहा वहां चौरसिया समाज के लोग लाइन में खड़े थे. उन्होंने विरोध करना शुरू किया. इसी बात को लेकर त्रिपाठी समर्थक और चौरसिया समाज के लोगों में बहस हो गई. जानकारी के अनुसार त्रिपाठी ने बंदूक तान दिया जिससे मामला और बढ़ गया. केएन त्रिपाठी के गाड़ी का शीशा भी तोड़ा गया. फिलहाल मामला शांत बताया जा रहा है.

