रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और कोषाध्यक्ष अहमद पटेल आज दोपहर बाद 3ः30 बजे झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर बात करेंगे.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव प्रवासी कामगारों की वापसी को लेकर बनाई गई सूची से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह भी मौजूद रहेंगे.
गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लॉकडाउन में देशभर में फंसे प्रवासी कामगारों की वापसी का खर्च पार्टी द्वारा वहन किए जाने की घोषणा की है. इसे लेकर देशभर के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों से की जा रही सहयोग को लेकर चर्चा की जाएगी एवं साथ ही साथ लॉकडाउन को लेकर प्रदेशों की भी जानकारी लेंगे.
इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. रामेश्वर उरांव ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुए ट्रेन हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है. उन्होंने कहा हृदय विदारक यह घटना मन को भाव विहवल करता है. हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं मजदूरों को असीम शान्ति मिले.
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने ट्रेन दुर्घटना में मारे गये मजदूरों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है एवं घायल मजदूरों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है एवं सभी मजदूरों से धैर्य बनाये रखने की अपील की है.

