रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस समिति भले ही 35 से 40 सीटो पर चुनाव लड़ने की बात कर रही हो. लेकिन कांग्रेस की तैयारी सभी 81 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को टटोलने की है.
सोमवार को कांग्रेस भवन में चुनाव समिति की बैठक सम्पन हुई. मैराथन बैठक 2 बजे शुरू हुई और 6:00 बजे तक लगातार चली, जिसमें सभी सीटों पर चर्चा हुई.
इसके बाद उन सीटों की सूची बनी जहां कांग्रेस बेहतर है, औसत है और जहां स्थिति खराब है. तीन वर्गों में सीटों का बंटवारा कर आलाकमान के पास रिपोर्ट भेजी जाएगी.
जितने भी कैंडिडेट की सूची आई है उस पर विचार विमर्श हुआ और यह रिपोर्ट सीधा कांग्रेस आलाकमान को भेजी जाएगी और गत 8 नवंबर को सब कुछ तय हो जायेगा.
एक सीट पर तीन-तीन उम्मीदवारों के लिस्ट आए हैं, इस पर भी विचार विमर्श किया गया और जो प्रबल दावेदार होगा उसी को टिकट दी जाएगी.
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, चाईबासा सांसद गीता कोड़ा, जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा, केशव महतो कमलेश, संजय लाल पासवान, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, राज्यसभा सांसद धीरज साहू, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू और प्रदेश कांग्रेस के कई आला अधिकारी शामिल थे.

