रांची: झारखंड के पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी और मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ को मैदान में उतारा है.
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने शनिवार देर रात गौरव बल्लभ के नाम की घोषणा की. पूर्वी सिंहभूम समेत बीस सीटों के लिए 7 दिसंबर को चुनाव है.
जबकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 18 नवंबर है. गौरव वल्लभ की गिनती कांग्रेस के प्रखर वक्ताओं में होती है. वे जमशेदपुर के प्रतिष्ठित एक्सएलआरआई में प्रोफेसर थे.
गौरव वल्लभ कांग्रेस के प्रवक्ता हैं और अपनी मजबूत रिसर्च क्षमता और तर्क, तथ्य के दम पर बहसों में सुर्खियों में रहते हैं. रघुवर दास को पूर्वी सिंहभूम सीट पर भाजपा ने फिर उम्मीदवार बनाया है.
इससे पहले रघुवर दास इस सीट पर लगातार पांच बार जीते हैं. झारखंड में कांग्रेस, झामुमो और राजद के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है. कांग्रेस के हिस्से में पूर्वी जमशेदपुर की सीट भी आई है.
हाल ही में रांची में निजी टीवी चैनल के एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ बहस में आमने- सामने थे. इसी दौरान वल्लभ ने संबित पात्रा से पूछा कि आप पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की बात करते हैं, क्या आप बता सकते हैं कि पांच ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं.
वल्लभ के इस सवाल का संबित पात्रा जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद यह वीडियो सोशल साइट पर तेजी से वायरल होने लगा.
गौरव वल्लभ चार्टर्ड अकाउंटेंट की एक प्रतिष्ठित संस्था के निदेशक भी रहे हैं और कई कॉलेज में बतौर गेस्ट लेक्चर पढ़ाने जा चुके हैं. चुनावी सियासत में झारखंड के मुख्यमंत्री के खिलाफ कितना दमदार प्रदर्शन करेंगे, यह देखा जाना बाकी है.

