रांची: कोराना वायरस (कोविड-19) से उत्पन्न स्थिति को लेकर आज झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह ने नई दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के अलावा पार्टी विधायकोंऔर कई जिलाध्यक्षों से बातचीत की.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बातचीत किये जाने के पहले प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कांग्रेस विधायकों और पार्टी के कई जिलाध्यक्षों से बातचीत कर उत्पन्न संकट से निपटने के लिए चलाये जा रहे कार्याें की समीक्षा की.
Also Read This: 100 दिनों में 100 डॉक्टरों की मौत, इटली को निगलता जा रहा है कोरोना
उन्होंने संकट की इस घड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से जरूरतमंद और निर्धन परिवारों को राशन उपलब्ध कराने और भोजन उपलब्ध कराये जा रहे कार्याें पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि गरीबों तक भोजन और अन्य मूलभूत सुविधा पहुंचे, इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ता निरंतर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने-अपने क्षेत्र में कार्य करते रहे.
आरपीएन सिंह ने झारखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से चलाये जा रहे सेवा कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी ताकत से और ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा में, संपर्क में है. उन्होंने सभी से संवेदनशीलता के साथ लोगों की मदद की अपील की है.

