रांचीः भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि 14 साल तक विकास के नाम पर जो धोखा कांग्रेस और जेएमएम ने दिया है, उसे झारखण्ड की जनता नहीं भूली है. वे मंगलवार को जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुंवर के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए भाजपा की मजबूत और स्थायी सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा.
उन्होंने कहा कि हर वोट झारखण्ड के विकास को नई गति देगा और 20 दिसंबर को भारी संख्या में वोट देने के लिए अपने घरों से बाहर निकले.
उन्होंने कहा कि ये वही राजद और कांग्रेस है जो झारखण्ड को अलग राज्य बनाना नहीं चाहते थे, आज झामुमो ने इसी कांग्रेस और राजद से दोस्ती की है. जो झारखण्ड के निर्माण में रोड़े अटका रहा था, उसे इस बार फिर हमें सबक सिखाना है.
14 साल की राजनीतिक अस्थिरता को झारखण्ड की जनता नहीं भूली है. उन्होंने कहा कि अब झारखण्ड में जेएमएम और कांग्रेस का परिवारवाद, भ्रष्टाचार नहीं चलेगा.
रघुवर दास ने कहा कि 2000 से 2014 तक जेएमएम और कांग्रेस ने झारखण्ड के माथे पर भ्रष्टाचार का कलंक लगाया, नक्सलवाद को बढ़ाया, बिचौलियों के हाथों झारखण्ड के संसाधनों को बेचा. उन्होंने कहा कि बीते 5 साल में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं लगा.
भाजपा की सरकार ने संथाल की जरूरतों को समझा और तेजी से इस क्षेत्र का विकास हुआ है. सिर्फ 5 साल में 4000 किलोमीटर से ज्यादा सड़कें बनी हैं, घर-घर बिजली पहुंची है, अब 2022 तक हम संथाल के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाएंगे.
आज संथाल की महिलाएं सखी मंडल से जुड़कर स्वरोजगार कर रही हैं. यहां से जलकुंभी प्रोडक्ट्स इटली जा रहे हैं. सखी मंडल की बहनें 500 करोड़ के रेडी टू ईट प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं.

