रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के द्वारा कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को कांग्रेस के स्टार प्रचारक जयवीर शेरगील ने संबोधित किया. इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता जरिता लैफलोंग, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डाॅ राजेश गुप्ता एवं कुमार राजा मौजूद थे.
संवाददाता सम्मेलन के पूर्व उन्नाव रेपकांड में मृत महिला के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया. संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करने आये जयवीर शेरगिल एवं प्रदेश मीडिया विभाग के पदाधिकारियों ने महंगाई का प्रतिकात्मक विरोध करते हुए गले में प्याज का माला पहनकर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया.
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली विभाग द्वारा राज्य की जनता को झटका दिया है. रघुवर सरकार ने आम जनता पर दोहरा वार किया है. झारखंड में अन्य राज्यों की अपेक्षा बिजली महंगी है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिजली कट की है, अब जनता उनका वोट कट करेगी. 23 दिसम्बर को भाजपा की अंधेरनगरी की सरकार बदलेगी.
उन्होंने कहा कि मोदी-रघुवर डबल इंजन नहीं, बल्कि डबल पंचर सरकार है. एक तरफ गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार का इंजेक्शन लगाया गया और दूसरी तरफ महंगी बिजली बिल से आम जनता को त्रस्त कर दिया.
भाजपा के पिछले पांच साल में बिजली के दाम और उर्जा शुल्क शहरी क्षेत्र में तकरीबन 108 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 360 प्रतिशत बढ़ा दिया है. जबकि सिंचाई और कृषि के क्षेत्र में बिजली का दाम 614 प्रतिशत बढ़ा है.
उन्होंने कहा कि अप्रैल 2018 से पहले शहरी उपभोक्ताओं को बिजली 3.0 रूपये प्रति यूनिट बिजली मिलती थी और अब मार्च 2019 में 6.25 पैसे प्रति यूनिट मिलती है. अप्रैल 2018 से पहले ग्रामीण उपभोक्ताओं को बिजली 1.25 पैसे प्रति यूनिट मिलती थी और अब मार्च 2019 में 5.75 पैसे प्रति यूनिट मिलती है.
उन्होंने कहा कि 21 नवंबर 2019 पन्ना नंबर 02 के आलोक में लोकसभा के अंदर केन्द्र सरकार द्वारा जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि झारखंड में एक लाख 45 हजार 776 घरों में बिजली है ही नहीं, आज भी इतने घरों में झारखंड की जनता लालटेन युग में जीने का विवश है.
उन्होंने कहा कि आज भाजपा के तीन प्रकार हैं- इश्तेहार, दुष्प्रचार और भ्रष्टाचार. रघुवर दास ने कहा था कि अगर वह हर घर में बिजली नहीं पहुंचा पाये तो वोट नहीं मांगेंगे. लेकिन आज सबसे कम झारखंड में बिजली की सप्लाई होती है. जबकि छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पंजाब में ज्यादा बिजली रहती है.
उन्होंने कहा कि रघुवर दास की सरकार गोरों की सरकार है, जो महंगी बिजली और महंगाई बढ़ाकर झारखंड की जनता को लूटने का काम किया है. उन्होंने झारखंड की जनता से महागठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील की है.

