रांची: कांग्रेस ने रामगढ़ विधानसभा सीट से ममता देवी को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है. इस सीट से आजसू पार्टी ने सुनिता चौधरी को उम्मीदवार बनाया है.
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी रांची स्थित मोरहाबादी स्थित मध्य विद्यालय में सरकारी शिक्षिका थी और चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने नौकरी से त्यागपत्र दे दिया.
इन दिनों वे रामगढ़ में चुनावी मोर्चा संभाल रही हैं, जबकि चंद्रप्रकाश चौधरी सारथी की भूमिका निभा रहे हैं.
झारखंड में गिरिडीह से आजसू पार्टी के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं. लोकसभा चुनाव से पहले चंद्रप्रकाश चौधरी रामगढ़ के विधायक थे. साथ ही वे सरकार में जल संसाधन मंत्री थे. चंद्रप्रकाश चौधरी रामगढ़ विधानसभा सीट से लगातार तीन बार चुनाव जीते है.
कांग्रेस प्रत्याशी ममता देवी जिला परिषद की सदस्य हैं और जिला परिषद के चुनाव में चंद्रप्रकाश चौधरी के निकटतम रहने वाले चंदर महतो को उन्होंने हराया था.
बहुचर्चित गोला गोलीकांड में ममता देवी को पुलिस ने जेल भेज दिया था. जेल से निकलने के बाद ममता देवी ने पूरे इलाके का दौरा किया. इसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हुई.
कांग्रेस को झामुमो और राजद का समर्थन प्राप्त है. लिहाजा रामगढ़ का मुकाबला दिलचस्प हो सकता है. हालांकि भाजपा ने अभी तक इस सीट से प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है.

