रांची: झारखंड में राज्यसभा की दूसरी सीट के लिए यूपीए ने कांग्रेस नेता शहजादा अनवर को उम्मीदवार बनाये जाने का फैसला लिया है.
कांग्रेस प्रभारी आर.पी.एन सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत की और झामुमो व राजद नेताओं से सहमति मिलने के बाद नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से स्वीकृति मिलने के बाद केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से पार्टी उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी गयी.
81 सदस्यीय झारखंड में एक सीट खाली है, वहीं झामुमो के 29, कांग्रेस के 16, झाविमो से कांग्रेस में आए दो विधायक, राजद के 1, राकांपा के एक विधायक है. वहीं माले विधायक विनोद कुमार सिंह का भी समर्थन मिलने की संभावना है लेकिन दूसरी सीट पर यूपीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित कराने के लिए तीन से चार अन्य विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी.
यह कमी दो निर्दलीय विधायक सरयू राय और अमित यादव के अलावा आजसू पार्टी के दो विधायकों से पूरी हो सकती है. हालांकि दोनों निर्दलीय विधायकों और आजसू पार्टी के दो विधायकों पर भाजपा की भी नजर है.

