पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमत के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन की बनेगी रणनीति
रांची:- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पेट्रोलियम पदार्थां के बढ़ते दाम के खिलाफ आंदोलनात्मक कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए कल 22फरवरी को रांची में पार्टी नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलायी गयी है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में विधायक दल के नेता सह राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, कृषि मंत्री बादल और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता समेत समेत अन्य विधायक और पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे.
पार्टी के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आलोक कुमार दूबे ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ0 रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमत के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलनात्मक कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि अब केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने भी मान लिया है कि उनके हाथ कुछ नहीं है, लेकिन देश की जनता यह जानना चाहती है कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी लगाने अथवा हटाने का निर्णय किसके हाथ में है.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि हर दिन पेट्रोल के दाम बढ़ा रही केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अवाम के साथ विश्वासघात कर रही है. उन्होंने कहा कि जनता विरोधी मोदी सरकार, जनता की जेब पर सेंधमारी कर रही है. देश नहीं लुटने देंगे का जुमला देने वाले प्रधानसेवक की सरकार में देश लूट रहा है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि मोदी सरकार ने पेट्रोल डीजी पर टैक्स बढ़ाकर 21.50लाख करोड़ रुपये कमाये, यह पैसा कहां गये, यह देश की जनता जानना चाहती है. कोरोना संक्रमणकाल में भी जब कच्चे तेल की कीमत पिछले दो दशक के न्यूनतम स्तर पर आ गयी, उस दौरान भी एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर केंद्र सरकार ने जनता के साथ छल करने का काम किया है.

