चतरा: झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा प्रमण्डलीय स्तर पर आयोजित कांग्रेस सदस्यता अभियान के तहत पलामू प्रमण्डल के चतरा जिला के इटखोरी में सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया.
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, संजय लाल पासवान, मानस सिन्हा, कांग्रेस सदस्यता अभियान के प्रभारी आलोक कुमार दूबे एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव मुख्य रूप से शामिल हुए.
कार्यक्रम का नेतृत्व चतरा जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष प्रमोद कुमार दूबे ने किया. जबकि लातेहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुनेश्वर उरांव, पलामू जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिट्टू पाठक एवं गढ़वा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्द तूफानी अपने समर्थकों के साथ सदस्यता अभियान में शामिल हुए.
कांग्रेस सदस्यता अभियान के प्रारंभ करने के पूर्व कांग्रेस नेताओं ने मां भद्रकाली का दर्शन कर राज्य में शांति, सद्भावना एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की.
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि तय लक्ष्य की पूर्ति के लिए हम प्रमण्डलवार कांग्रेस सदस्यता अभियान की शुरूआत कर रहे हैं. इसके माध्यम से हम जिला, प्रखण्ड एवं पंचायत स्तर तक जायेंगे. उन्होंने विस्तार पूर्वक कांग्रेस का सदस्य क्यों बनना चाहिए, इसपर अपना विचार रखा.
कांग्रेस सदस्यता अभियान प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि सदस्यता अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है. हम एक रणनीति के तहत काम करेंगे और झारखण्ड से पन्द्रह लाख सदस्य बनायेंगे. कांग्रेस के द्वारा देश की आजादी एवं आजाद भारत के निर्माण को लेकर उन्होंने अपना विचार रखा एवं कहा कि कांग्रेस का सदस्य होना एक गौरव की बात है. प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष संजय लाल पासवान ने कहा कि इस क्षेत्र से मैं लगातार जुड़ा रहा हूं. आपके दुःख-सुख का भागीदार भी रहा हूं. अब मैं झारखण्ड में सरकार की योजनाओं के माध्यम से आपकी सेवा करूंगा एवं सदस्यता अभियान को गति दूंगा.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भूमिका अब बदल रही है. बदली हुए भूमिका में हमें अब सरकार की योजनाओं के माध्यम से जनता के बीच जाना है और हमने जो चुनाव में वादा किया है, उसे पूरा करना है. सदस्यता अभियान एक माध्यम है, जिससे हम आमजनों तक पहुंचेंगें.
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस नेता सत्यनारायण सिंह, बद्री राम, शैलेश चौबे, रामवृक्ष सिंह, साबीर हुसैन, गुड्डू जायसवाल, पवन शर्मा, पप्पू रजा सहित कई लोग मौजूद थे.
सदस्यता अभियान में मनोज भुईंया, प्रयाग भुईंया, सरजू प्रसाद, रामानन्द प्रसाद, नरेश मिश्रा, राहुल देव वर्मा, अजय कुमार, संदीप कुमार, बिरेन्द्र मिश्रा, योगेश कुमार चौधरी, सत्येन्द्र दास सहित सैंकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की.

