दिल्ली: केंद्र सरकार के नए कृषि कानून के खिलाफ पिछले 11 दिनों से सड़कों पर कड़कती ठंड में धरने पर बैठे किसानों के समर्थन में कई दलों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का ऐलान किया है. वहीं कांग्रेस ने भी रविवार को कहा कि किसान संगठनों की तरफ से बुलाए गए भारत बंद को हमारा भी समर्थन है.
कांग्रेस ने कहा कि हमारे कार्यकर्त्ता भारत बंद को सफल बनाने के लिए काम करेंगे. कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि किसानों के भारत बंद को सफल बनाने के लिए पाटर्टी कार्यकर्त्ता देशभर में तहसील स्तर पर काम कर इस आयोजन को सफल बनाने के लिए किसानों के साथ खड़े रहेंगे.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और उनके साथ होने वाले किसी भी अन्याय के खिलाफ सभी प्रदेशों के मुख्यालयों, जिला मुख्यालयों तथा तहसील मुख्यालयों पर किसानों के साथ प्रदर्शन करेंगे और भारत बंद को सफल बनाने के लिए पुरजोर प्रयास करेंगे.
तेलंगाना राष्ट्र समिति(TRS) प्रमुख एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी किसानों के ‘भारत बंद’ के आह्वान को अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया है. राव ने एक बयान में कहा कि TRS प्रस्तावित बंद में सक्रिय भागीदारी करेगी.

