रांची: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में जिलाध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों, अग्रणी मोर्चा संगठन के अध्यक्षों की बैठक हुई.
बैठक में जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक दल के नेता को विधानसभा चुनाव में विजय दिलाने एवं सरकार के निर्माण के लिए बधाई दी. बैठक में कांग्रेस के सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने प्रस्ताव रखा कि दूसरे राजनीतिक दल को छोड़कर पार्टी में शामिल होने वाले इच्छुक नेतागण दो साल तक पार्टी में किसी पद के हकदार नहीं होंगे और तीन साल तक चुनाव लड़ने की उनकी दावेदारी को भी स्वीकार नहीं किया जाएगा. जबकि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी छोड़कर गये नेतागण को छह वर्ष तक पार्टी में शामिल नहीं किया जाए.
वहीं किसी भी दल के इच्छुक नेता-कार्यकर्ता को पार्टी में शामिल करने का काम प्रदेश कांग्रेस कमिटी से पूर्व अनुमति लेकर जिला कांग्रेस कमिटी सम्पन्न करेगी. जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया एवं यह निर्णय लिया गया कि पारित प्रस्ताव से अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी को अवगत कराया जायेगा.
जिला अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 रामेश्वर उरांव ने कहा कि यह प्रयास किया जायेगा कि सदस्य बनाने के क्रम हम राज्य के सभी जिलों का दौरा करें एवं पार्टी के लिए समर्पित लोगों को संगठन से जोड़ें. 15 लाख सदस्य बनाये जाने का लक्ष्य पार्टी निर्धारित करती है. इस अभियान को सफल बनाने में जिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रखण्ड अध्यक्ष एवं पंचायत अध्यक्ष की प्रमुख भूमिका होगी.

