हजारीबाग:- कांग्रेस की ओर आज हजारीबाग में किसान ट्रैक्टर रैली आयोजित की गयी. इस रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि वर्ष दो हजार सात में कांग्रेस ने किसानों के लिए सिंचाई की व्यवस्था करने के साथ ही करीब 78 हजार करोड़ रूपये के ऋण को माफ किया गया था. उन्होंने देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमत पर भी चिंता जताई.
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं लिए जाते, कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी होकर आंदोलन चलाती रहेगी. आर पी एन सिंह ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुना करना चाहती है तो दूसरी ओर पेट्रोल डीजल के मूल्य में लगातार वृद्धि करती जा रही है. डीजल का मूल्य 90 प्रति लीटर हो गया है. ऐसे में समझ में नहीं आता कि किसानों की आय कैसे दोगुनी होगी ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वह करती है. राज्य सरकार की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के पूर्व जो वादा किया गया था किसानों की ऋण माफी का, उसे अमलीजामा 1 साल में पहनाया जा रहा है.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅक्टर रामेश्वर उरांव, ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम और कृषि बादल समेत अन्य नेताओं ने भी रैली को संबोधित किया.

