रांची : प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा कल राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्म दिन को जवानों के शहादत के मद्देनजर इस वर्ष नहीं मनाने का निर्णय लिया है.
उक्त आशय की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोविड-19 महामारी संकट एवं हमारे वीर बहादुर सैनिकों की शहादत को देखते हुए किसी भी उत्सव एवं गतिविधियों को अंजाम नहीं देने का अनुरोध किए हैं, जिसका पत्र आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा प्राप्त हुआ है.
ठाकुर ने बताया कि केक काटने, नारे लगाने और बैनर लगाने सहित सभी प्रकार के समारोह को जमीनी स्तर तक किसी भी कीमत में टालना है, नहीं करना है, बल्कि चीन के साथ सीमा पर हमारे बहादुर सैनिक जो शहीद हुए हैं, उनके लिए शोक व्यक्त करना है। कार्यक्रम से पहले हमारे वीर शहीदों की यादों में दो मिनट का मौन एवं प्रार्थना करना है तथा गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य किटों का वितरण करना है.
ठाकुर ने बताया कि इस आशय का एक पत्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी जिलाध्यक्षों एवं जिला पर्यवेक्षकों को प्रेषित किया है, जिसमें उन्होंने निर्देश देते हुए कहा है कि जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा वीर बहादुर शहीदों की याद में दो मिनट का मौन एवं प्रार्थना कर गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच सादगी के साथ खाद्य किट एवं भोजन का वितरण किया जायेगा.
कांग्रेस नेताओं ने शहीद जवान को दी श्रद्धांजलि
झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरॉव, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दीपिका पाण्डेंय सिंह, अम्बा प्रसाद, पूर्णिमा नीरज सिंह, प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता छोटू, अमूल्य नीरज खलखो, निरंजन पासवान, शकील अख्तर अंसारी, गजेन्द्र सिंह, विभय शाहदेव, जितेन्द्र त्रिवेदी, दिनेश लाल सिन्हा, सीमा नाग राँची एअरपोर्ट पर शहीद कुंदन कांत ओझा एवं गणेश हांसदा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया.

