आज (31 अक्टूबर) पूरे देश में भारत के पहले गृहमंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती मनायी जा रही है. सरदार पटेल की यह जयंती बेहद खास है. देश को एकता के सूत्र में बांधते वाले सरदार पटेल की इस जयंती से ही देश में एक संविधान, एक प्रधान और एक निशान का कानून लागू हो चुका है. जम्मू कश्मीर और लद्दाख आज से केन्द्र शासित प्रदेश बन गए हैं.
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में रन फॉर यूनिटी का आयोजन कर रही है. वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय एकता-अखंडता एवं सद्भावना दिवस के रूप में मना रही है.

पटेल जयंती के साथ ही आज भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का 35वां शहादत दिवस भी है. इस ऐतिहासिक दिन पर कांग्रेस पार्टी कार्यालय ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया है. जिसमें सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता रक्तदान कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडेय ने भी रक्तदान किया.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और सरदार बल्लभ भाई पटेल को हम नमन करते हैं. श्रीमती गांधी के शहादत दिवस पर आज सब कार्यकर्ताओं ने ब्लड डोनेशन का आयोजन किया है.

इंदिरा गांधी ने कहा था, हमारे खून का एक-एक कतरा देश को मजबूत करेगा. आज हम सब लोग उनके इस कथन पर चलते हुए रक्तदान कर रहे हैं ताकि तमाम लोगों की जिंदगी बचाई जा सके.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पटेल जयंती बनाने पर तंज कसते हुए कहा, केवल जयंती मनाना महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि पटेल के विचारों पर चलना महत्वपूर्ण है. कहा कि सरदार पटेल जोड़ने वाले लोग थे जबकि भाजपा तोड़ने वाले लोग हैं.

