रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भारत-चीन सीमा पर उत्पन्न तनाव और हिंसक झड़प में झारखंड के दो सपूतों कुंदन ओझा और गणेश हांसदा समेत अन्य जवानों की शहादत पर फक्र करते हुए कहा कि शहीदों की कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि पांच दशक से अधिक समय से भारत-चीन सीमा पर शांति थी, नेपाल से भी भारत के मधुर थे, लेकिन आज चीन सीमा पर तनाव व्याप्त है, वहीं नेपाल से भी संबंध बिगड़े है.
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी 11 बार चीन का दौरा कर चुके है, पांच बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए और छह बार प्रधानमंत्री रहते हुए, चीन का इतना दौरा भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष ने नहीं किया, इसके बावजूद भारत-चीन सीमा पर तनाव बढ़ना चिंताजनक है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सार्वभौमिकता और सुरक्षा के मसले पर पूरी तरह से भारत सरकार के साथ खड़ी है. पार्टी की ओर से आज शाम राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर शहीदों को नमन किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सीमा की सुरक्षा में लगे जवानों के लिए पूरे देश में एक ही आवाज निकलेगी-तुम मत घबराना, हम तुम्हारे साथ है.

