मेदिनीनगर: पलामू जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के तालाब और अन्य जलाशयों व जलश्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित की जाये. तालाब, जलाशयों को अतिक्रमण करने की शिकायत मिलती है, ऐसे में इसे अतिक्रमण मुक्त कराते हुए दुरूस्त किया जाए. यह बातें पलामू उपायुक्त शशि रंजन ने कही. वे नई दिल्ली के आदेश के आलोक में आज पलामू के समाहरणालय सभागार में तालाब, आहर सहित अन्य जलाशयों व जलश्रोतों के संरक्षण के संदर्भ में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे.
उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम की ओर से नगर निगम क्षेत्र में तालाब आदि का संरक्षण संबंधित कार्य किये जा रहे हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसे बेहतर करने की आवश्यकता है. उपायुक्त ने नगर निगम, वन एवं पर्यावरण, ग्रामीण विकास, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, मत्स्य विभाग, जिला कृषि, जिला भूमि संरक्षण, लघु सिचाई प्रमंडल, खनन विभाग आदि विभागों के पदाधिकारियों से उपलब्ध कराए गए विहित प्रपत्र में प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि जलश्रोतों पर अतिक्रमण किसी कीमत पर नहीं होने दें. साथ ही इसे प्रदूषित होने से भी रोके. बैठक में उपायुक्त श्री शशि रंजन के अलावा नगर आयुक्त दिनेश प्रसाद, उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार प्रसाद, सहायक समाहर्ता- सह-जिला सहायक दंडाधिकारी दिलीप शेखावत सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

